दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी
के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अमृतसर में रविवार को 51 सूत्रीय
यूथ मेनिफेस्टो जारी किया। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने
पर 5 साल में पंजाब के 25 लाख युवाओं को रोजगार दिए जाएंगे।
एक महीने के भीतर मजीठिया को जेल में
डालेंगे और ड्रग्स के कारोबार पर पूरी तरह पाबंदी लगा दी जाएगी। यह सिर्फ
‘आप’ की सरकार ही कर सकती है। दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के
राष्ट्रीय कन्वीनर ने मालेरकोटला कुरान शरीफ बेअदबी कांड में आप विधायक का
नाम आने को पंजाब सरकार की साजिश बताया है। रविवार को 51 सूत्रीय यूथ
मेनिफेस्टो जारी करने के बाद उन्होंने कहा, 24 जून को बेअदबी कांड के अगले
दिन बादल सरकार ने आरोपी पकड़ लिए थे। सरकार एक हफ्ते तक कहती रही कि आरोपी
विजय गर्ग विश्व हिंदू परिषद का आदमी है, 2 जुलाई को आप का आदमी बता दिया।
इसका मकसद सिर्फ उनकी पंजाब यात्रा को बर्बाद करना था।
उन्होंने कहा, आरोपी गर्ग तो कठपुतली है,
आप सरकार बनते ही साजिश रचने वाले को जेल भेजेंगे। केजरीवाल ने रैली में
मौजूद लोगों से पूछा कि आपको मंजूर हो तो बताइएगा कि सरकार बनने के एक
महीने के अंदर मजीठिया को जेल भेजना है कि नहीं भेजना, यह बात सुनते ही
भीड़ ने तालियां बजानी शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर एक माह
के अंदर पंजाब में ड्रग की सप्लाई बंद करेंगे। कांग्रेस और अकाली मिले हुए
हैं। पहले कैप्टन ने 5 साल और बाद में 10 साल तक अकाली-भाजपा सरकार ने
पंजाब को लूटा।
रेत, बजरी, शराब और अन्य ठेकों पर
अकाली-भाजपा और कांग्रेसी नेताओं के रिश्तेदारों के कब्जे हैं, जिनकी जांच
करवा कर आम युवाओं और बेरोजगारों को दिए जाएंगे। आप सरकार में किसी भी
विधायक, मंत्री और एमपी के सीधे रिश्तेदारों को सरकारी ठेके नहीं दिए
जाएंगे। उन्होंने आप सरकार बनने पर 5 साल में 25 लाख रोजगार देने का दावा
किया। वहीं पंजाब के अंदर फ्री दवाइयों और टैस्ट के लिए मोहल्ला क्लिनिक
बनाने और गांवों में फ्री वाई-फाई सुविधा देने की बात भी कही।
उन्होंने कहा कि उन्हें पता चला है कि आप
को पंजाब में नाकाम करने के लिए अकाली-भाजपा और कांग्रेस ने मिलकर चुनावी
रणनीति बनाई है। जिसमें तय किया गया है कि जहां एक पार्टी का मजबूत
उम्मीदवार खड़ा होगा वहां अन्य पार्टी कमजोर कैंडिडेट खड़ा करेगी। इस बार
आप के खिलाफ दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेगी। इस मौके पर सांसद साधू
सिंह, सांसद भगवंत मान, कंवर सिंह संधू, एचएस फूलका, सुच्चा सिंह छोटेपुर
सहित अन्य मौजूद थे।

Post a Comment