BREAKING NEWS

Wednesday, July 6, 2016

मोदी के षड़यंत्र को खुला चैलेंज

चपड़ासी के बूते सरकार चलाने का हौंसला रखते हैं हम :



 
दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्र सरकार पर आप सरकार को अस्थिर करने का गंभीर आरोप लगाते हुए मोदी को खुली चुनौती दे डाली कि वे चाहें जितने षड्यंत्र कर लें हम आपकी साजिशों को सफल नहीं होने देंगे और आप यदि दिल्ली सरकार में एक चपड़ासी भी छोड़ देंगे उसके बूते भी हम सरकार चला कर दिखायेंगे, लोगों के काम नहीं रुकने देंगे.
पत्रकारों से बात करते हुए मनीष ने कहा कि पिछले 23 सालों में कुछ दिनों जब दिल्ली में राष्ट्रपति शासन रहा उस समय को छोड़ कर दिल्ली में चुनी हुई सरकारें सत्ता में रही, दिल्ली में कई बार ऐसा भी समय रहा जब केंद्र और दिल्ली की अलग-अलग सरकारें रही, कई दफा दिल्ली और केंद्र में एक ही पार्टी की सरकार भी रही मगर 23 साल के इतिहास में केंद्र सरकार कभी भी इतने घटिया स्तर पर नहीं उतरी जितनी निचले स्तर पर अभी वर्तमान की केंद्र सरकार उतर कर आई है और उसकी साफ वजह है पंजाब, गोवा व गुजरात में बनने जा रही आम आदमी पार्टी की सरकार. ‘आप’ की इस बढती लोकप्रियता से मोदी बुरी तरह बौखला गए हैं, केंद्र सरकार में बैठे हुए लोग मोदी जी के कहने पर षड्यंत्र कर ‘आप’ सरकार के काम-काज को ठप्प करना चाहते हैं. सिसोदिया ने बताया कि उन्हें कुछ अधिकारियों के ट्रांसफर आर्डर मिले हैं, जिसमे दिल्ली सरकार के नौ अधिकारियों का ट्रांसफर किया गया है. पिछले दो दिनों में देखिये तो दिल्ली सरकार के 11 सीनियर अधिकारियों को ट्रांसफर किया गया है। ट्रांसफर, पोस्टिंग कोई नई बात नहीं है लेकिन जिस तरह से तबादले किए जा रहे हैं, जिस तरह से लोगों को दिल्ली सरकार से हटाया जा रहा है और जिस तरह के पदों पर बैठे लोगों को हटाया जा रहा है वह कोशिश है दिल्ली सरकार को पैरालाईज करने की।
अवैध तरीके से किए जा रहे हैं तबादले:
मनीष ने बताया कि हमारे एक अधिकारी हैं संजीव अहूजा. यह अधिकारी दिल्ली में अवैध कालौनियों में सारा काम देख रहे हैं, इन्होंने अवैध बस्तियों में सड़कें व नालियों का काम एक साल के भीतर पूरा करने का टारगेट लिया था इस अधिकारी को अंडमान भेज दिया गया. जिस अधिकारी को सारे स्कूलों में सीसीटीवी लगाने की जिम्मेदारी दी गई थी उसे एजुकेशन डिपार्टमेंट से हटा कर बाहर भेजा जा रहा है। दो एडीएम के तबादले कर दिए हैं. ज्वाइंट कैडर की ट्रांसफर व पोस्टिंग ज्वाइंट कैडर कमेटी की मीटिंग में होते हैं मगर इस मीटिंग में इनके ट्रांसफर के बारे में कोई चर्चा तक नहीं हुई। ध्यान रहे कि इस प्रकार की बैठक में सभी राज्यों के मुख्य सचिव बैठते हैं।
सीसीटीवी लगाने वाले अधिकारियों, अवैध कलोनियों में काम करने वाले अधिकारियों को, एजुकेशन में काम करने वाले अधिकारियों को, फाइनेंस में काम करने वाले अधिकारियों को, राजस्व विभाग के एडीएम स्तर के अधिकारियों को बिना ज्वाइंट कैडर कमेटी की मीटिंग के द्वैष पूर्ण तरीके से हटाया जा रहा है.
जहां पूरे अधिकारी हैं वहां की जा रही हैं अतिरिक्त नियुक्तियांः
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जहाँ अधिकारी भेजे जा रहे हैं वहां कैडर कंट्रोल सिस्टम के मुताबिक पर्याप्त अधिकारी हैं. अंडमान में 24 दानिक्स अधिकारियों की पोस्ट हैं वहां 23 अधिकारी मौजूद हैं किन्तु फिर भी यहाँ 8 दानिक्स अधिकारी और भेजे जा रहे हैं अब क्या वहां 31 काम करेंगे ?
दिल्ली में 309 की जगह हैं कुल 165 अधिकारी:
दिल्ली सबसे बडा कैडर है यहां 309 दानिक्स अधिकारियों की पोस्टिंग हो सकती है। उपमुख्यमंत्री के मुताबिक अभी दिल्ली के पास 165 अधिकारी हैं, पूरा कोटा भी हमारे पास नहीं है किन्तु यहां से 8 अधिकारियों को ट्रांसफर किया जा रहा है। जहां राज्यों में जरूरत नहीं है वहां अधिकारी भेजे जा रहे हैं, ऐसी क्या एमरजेंसी लग गई है देश में जो अंडमान में इतने अधिकारी भेजे जा रहे हैं ?
मुख्यमंत्री कार्यालय समेत पूरे सिस्टम को ध्वस्त करने की साजिश:
उन्होंने कहा कि सीधी सी बात है कि दिल्ली जिस तरीके से एजुकेशन व हैल्थ सैक्टर में काम कर रही है उससे लगता है कि पूरे के पूरे सिस्टम को ध्वस्त करने के लिए साजिश रच रहे हैं. तरुण कुमार व राजेंदर कुमार को गिरफ्तार किया गया है. इसके बाद क्या समीकरण बनते हैं ? कि दिल्ली सरकार के मुख्यमंत्री कार्यालय में कार्य करने वाले मुख्य सचिव गिरफ्तार हो चुके हैं, डिप्टी सेक्ट्री टू चीफ मिनिस्टर ऑफिस को गिरफ्तार किया जा चुका है ? पूरे के पूरे मुख्यमंत्री कार्यालय को ठप्प करने के लिए यह सब किया जा रहा है।
‘आप’ की लगातार बढती लोकप्रियता से बौखलाहट:
आज क्या हुआ इसकी टाईमिंग देखिए पंजाब से कल सर्वे आता है कि आम आदमी पार्टी को 117 में से 100 सीटें मिल रही हैं, कल जबरदस्त रैली होती है, गोवा और गुजरात से जबरदस्त रिस्पांस मिल रहा है और उसका बदला दिल्ली के लोगों से लिया जा रहा है कि दिल्ली के लोगों ने मोदी जी के लोगों को वोट नहीं दिया। मनीष ने कहा कि राजेंद्र कुमार ने कुछ भी गलत किया है तो उन्हें सजा मिलनी चाहिए मगर सीबीआई कार्यवाही की टाईमिंग बताती है कि मोदी जी दिल्ली के लोगों से बदला ले रहे हैं, क्योंकि दिल्ली की जनता ने उन्हें वोट नहीं दिया। आज बदला लेते हुए उवकप जी एजुकेशन ,हेल्थ, चूक, के काम पूरी तरह रोकने की बड़ी साजिश रच रहे हैं ।

Share this:

Post a Comment

सूचना

विदर्भ24न्यूज़ पोर्टल को बेहतर बनाने में सहायता करें और किसी खबर या अंश मे कोई गलती हो या सूचना / तथ्य में कोई कमी हो तो हमसे संपर्क करे - 9421719953

 
Copyright © 2014 Vidarbha Latest News विदर्भ24न्यूज Amravati Letest News. Template Designed by Vidarbha24news - या इंटरनेट न्यूज चॅनेल तथा ऑनलाईन वेब पोर्टलमध्ये प्रसिध्द झालेल्या बातम्या आणि लेखामधून व्यक्त झालेल्या मतांशी संपादक / संचालक सहमत असतीलच असे नाही.